यमुना एक्सप्रेसवे के टप्पल कट पर उतरने के बाद परिवार वाले और रिश्तेदार जलपान के लिए एक ढाबे पर रुक गए। गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी थी। कुछ लोग कार में ही बैठे थे, कुछ ढाबे पर गए हुए थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने दोनों कारों में टक्कर मार दी।
अलीगढ़-पलवल हाईवे पर 25 अप्रैल रात टप्पल कट के पास स्थित एक ढाबे पर खड़ी दो स्कार्पियों कारों में मिट्टी से लदे डंपर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, एक युवती सहित तीन लोग घायल हो गए। दूसरी कार में सवार लोगों को भी चोटें आई हैं। चालक के नशे में होने की वजह से हादसा होने की बात सामने आ रही है। हादसे में मरने वाले शाह आलम (19) भुजपुरा अलीगढ़ के रहने वाले थे। शाह आलम की रिश्ते की बहन रोजी बेबी (22) पुत्री रज्जाक निवासी भुजपुरा की हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन
मृतक और घायल परिवार व रिश्तेदारों के साथ दो स्कॉर्पियो कारों से दिल्ली में एक शादी में शामिल होने के लिए गए थे और हादसे के वक्त वापस अलीगढ़ लौट रहे थे। यमुना एक्सप्रेसवे के टप्पल कट पर उतरने के बाद यह जलपान के लिए एक ढाबे पर रुक गए। गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी थी। कुछ लोग कार में ही बैठे थे, कुछ ढाबे पर गए हुए थे।
विज्ञापन
इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने दोनों कारों में टक्कर मार दी। हादसे में घायल शाह आलम, रोजी बेबी, खालिद और शारिक को पुलिस ने जेवर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से इन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शुक्रवार रात दो बजे शाह आलम की इलाज के दौरान मौत हो गई। रोजी बेबी की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी टप्पल अरुण कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम हो गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।