घटना का पता तब चला जब सुबह करीब साढ़े छह बजे वेद प्रकाश की पत्नी रोजाना की तरह उनके लिए चाय लेकर साइट पर पहुंची। काफी तलाशने के बाद भी जब वेद प्रकाश कहीं दिखाई नहीं दिए, तो पत्नी को शक हुआ।
अलीगढ़ के थाना महुआ खेड़ा क्षेत्र के बोरना गांव में 9 जून सुबह निर्माणाधीन मकान में सो रहे चौकीदार पर डंपर चालक ने मिट्टी से भरा लोडर खाली कर दिया। जिससे मिट्टी के नीचे दबकर चौकीदार की मौत हो गई। घटना के संबंध में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से गंगानगर कॉलोनी (महुआ खेड़ा) निवासी वेद प्रकाश (55 वर्ष) गांव में एक निर्माणाधीन साइट पर मजदूरी करते थे। वह दिन में मजदूरी करने के साथ-साथ रात में वहीं चारपाई डालकर रखवाली (गार्ड) का काम भी करते थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे एक डंपर चालक साइट पर मिट्टी डालने पहुंचा।
विज्ञापन
आरोप है कि चालक ने बिना देखे ही चारपाई पर सो रहे वेद प्रकाश के ऊपर मिट्टी से भरा पूरा लोडर खाली कर दिया। मिट्टी के नीचे दबकर वेद प्रकाश की मौत हो गई। घटना का पता तब चला जब सुबह करीब साढ़े छह बजे वेद प्रकाश की पत्नी रोजाना की तरह उनके लिए चाय लेकर साइट पर पहुंची। काफी तलाशने के बाद भी जब वेद प्रकाश कहीं दिखाई नहीं दिए, तो पत्नी को शक हुआ। मिट्टी के ढेर के पास ही वेद प्रकाश का कुछ सामान बिखरा पड़ा था। उसके बाद पत्नी ने शोर मचाया।
आनन-फानन जब मिट्टी के ढेर को हटाया गया, तो नीचे से वेद प्रकाश का शव बरामद हुआ। महुआ खेड़ा के थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ द्वितीय धनंजय सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में चार चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। परिजनों से तहरीर (शिकायत) ली जा रही है। तहरीर के आधार पर आरोपी डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।