ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे में गई जमीन के मुआवजे के लिए दो भाइयों में इतना गहरा विवाद हुआ कि एक ने आत्महत्या तक की कोशिश की। छोटा भाई बुधवार की सुबह फंदे पर लटक गया। परिजनों ने ही उसे बचाया और जिला अस्पताल लेकर आए। यहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मुरसान के गांव रामगढ़ निवासी सगे भाई राहुल व लवकुश में काफी समय से यह विवाद चल रहा है। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे में इनकी जमीन का अधिग्रहण हो चुका है, जो कि पिता के नाम पर थी। इस जमीन का मुआवजा भी आ चुका है। पुलिस के अनुसार इनके पिता बनी सिंह की काफी समय पहले मौत हो चुकी है।
ऐसे में अब दोनों भाइयों में मुआवजे की रकम के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पा रही। दोनों का हाईवे में गई जमीन के संबंध में अपना-अपना दावा है। इसी बात को लेकर बुधवार की सुबह एक बार फिर दोनों भाई आमने-सामने आ गए। ग्रामीणों के अनुसार दोनों में मारपीट तक हो गई।
इसके बाद छोटा भाई राहुल (30) गुस्से में अपने कमरे में गया और फंदा लगाकर लटक गया। आवाज सुनकर परिजन दौड़े और उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे नीचे उतारा। अचानक झटका लगने के कारण उसकी हालत खराब थी।
परिजन राहुल को आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां राहुल के ससुराल वाले भी मौजूद रहे। हायर सेंटर रेफर करने परिजन उसे आगरा ले गए। युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस को शिकायत नहीं मिली है।
आपसी विवाद में युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की जानकारी मिली है। जमीन के मुआवजे का विवाद बताया जा रहा है। युवक की हालत खतरे से बाहर है। मामले में जांच की जा रही है।
-रामानंद कुशवाहा, एएसपी