खेलते समय तेजाब पीने वाला मासूम मेडिकल में उपचारधीन हालत में।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के देहली गेट इलाके के गोंडा रोड निवासी एक छह वर्षीय बालक ने खेलते समय पानी समझकर तेजाब पी लिया। तेजाब पीने के बाद बालक की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां से बालक जेएन मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। यहां बालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
आजाद निवासी गोंडा रोड, देहली गेट राजमिस्त्री का काम करते हैं। दो दिन पहले उनके घर की दीवार गिर गई थी। रविवार को पति-पत्नी उसी दीवार की चिनाई कर रहे थे। पास ही छह वर्षीय बेटा अन्नू खेल रहा था। खेलते समय उसे टॉयलेट साफ करने वाले तेजाब की बोतल मिल गई। आजाद के अनुसार बेटे ने नादानी में तेजाब को पानी समझकर पी गया। थोड़ी देर बाद ही उसकी हालत बिगड़ गई। उल्टियां हुईं तो उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से बालक को जेएन मेडिकल कालेज में रेफर कर दिया गया। आजाद के अनुसार बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। डाक्टर फिलहाल कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं।