जीटी रोड पर कस्बा अकराबाद के पास बृहस्पतिवार की शाम धान के बोरों से लदा एक कैंटर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक सहित दो बाइक सवार घायल हो गए।
इटावा निवासी कैंटर चालक शिवम ने बताया है कि बृहस्पतिवार को वह मैनपुरी से गाड़ी में धान के बोरे लादकर सोनीपत ले जा रहा था। बृहस्पतिवार की शाम जीटी रोड पर कस्बा अकराबाद के पास एक वाहन को ओवरटेक करते वक्त कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। एटा के थाना मारहरा के गांव नगला बाग निवासी घायल सुधीर कुमार ने बताया है कि वह अपने भाई दीपक के साथ दिल्ली से बाइक से गांव लौट रहे थे। कैंटर से बचने के चक्कर में वह कार से टकराकर घायल हो गए। थाना पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।