27 मई रात करीब आठ बजे अलीगढ़-मथुरा रोड स्थित गांव जारोठ निकट तीर्थ यात्रियों से भरी एक बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हैं। टक्कर से मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। दोनों वाहनों के चालकों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। दोनों की हालत गंभीर है।
घटना के बाद दोनों ओर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। एम्बुलेंस एक घंटे बाद पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। बस में सवार 60 से अधिक यात्री उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद निवासी हैं। महोबा के पनवाड़ी से मथुरा-वृंदावन व बद्रीनाथ की तीर्थ यात्रा पर निकले थे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। ट्रक व बस दोनों को सड़क से हटाने की प्रक्रिया चल रही है।
ये हुए घायल
हादसे में जनपद महोबा के पनबाड़ी की बिमला, अलवेली, रामप्रसाद, भागीरथ, खूबचंद्र, मोतिबाई, जयश्री, रामसेवक, सैतपुर की उमा, जनपद हमीरपुर के राठ क्षेत्र के बाबूलाल, क्लीनर खालिद, लक्ष्मी देवी, सुबकरन, गांव अतरौली धगबा के चालक गजराज आदि घायल हुए हैं।