अलीगढ़। जैसे ही तल्हा के गोली लगने की खबर एएमयू कैंपस व उसके साथियों तक पहुंची तो काफी संख्या में छात्र व साथी एकत्रित होकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंच गए। जहां उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाते हुए इमरजेंसी के काउंटर पर तोड़फोड़ कर दी और जमकर हंगामा किया। सीधा-सीधा आरोप था कि एक साल में तल्हा पर इन्हीं आरोपियों ने दूसरी बार हमला किया। मगर सियासी हस्तक्षेप से गिरफ्तारी नहीं हो रही।
छात्रों का आरोप था कि ठीक एक साल पहले तल्हा पर इसी तरह नगला पटवारी इलाके में हमला हुआ था। इस हमले में यही लोग आरोपी थे। तभी से यह लोग निलंबित व फरार चल रहे हैं। मगर इनको सियासी संरक्षण है और परिवार में बड़े अधिकारी हैं। इसके चलते गिरफ्तारी नहीं हो रही। इस दौरान काफी संख्या में पुलिस बल व अधिकारी पहुंच गए और अधिकारियों से भी छात्र उलझ गए। देर रात घायल छात्र के भाई की ओर से निलंबित छात्र आशुतोष मिश्रा व मुनीर के खिलाफ तहरीर दी गई, जिस पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा था। अधिकारियों ने दोनों की गिरफ्तारी का भी भरोसा दिलाया। इस दौरान एडीएम सिटी, एसपी सिटी, सीओ तृतीय सहित सभी सीओ, शहर के सभी एसओ आदि मौजूद रहे।