अलीगढ़। गणित-विज्ञान के शिक्षक पद भरने को तीसरी काउंसलिंग की कवायद भी बेनतीजा होती दिख रही है। विज्ञान की तरह गणित विषय को भी अभ्यर्थी नहीं मिले। दस गुना तो छोड़िए काउंसलिंग के लिए दस प्रतिशत भी अभ्यर्थी नहीं पहुंचे।
बेसिक शिक्षा विभाग में काउंसलिंग चल रही है। जूनियर हाईस्कूल में विज्ञान-गणित शिक्षक पद के लिए काउंसलिंग चल रही है। शुक्रवार को काउंसलिंग का दूसरा दिन था। पहले दिन विज्ञान विषय के लिए काउंसलिंग हुई थी। जहां सिर्फ 5.5 प्रतिशत ही अभ्यर्थी पहुंचे थे। कुछ ऐसा ही हाल गणित की काउंसलिंग में भी रहा। बीएसए एसपी यादव की मानें तो गणित के लिए 1200 अभ्यर्थी बुलाए गए थे। यहां खाली पदों की संख्या के दस गुना अभ्यर्थी थे। लेकिन 1200 अभ्यर्थियों के बुलावे पर पहुंचे सिर्फ 101 अभ्यर्थी। सामान्य के 390 में से 60, ओबीसी के 400 में से 23, एससी के 350 में से 18 और विशेष आरक्षण के 60 अभ्यर्थियों के बुलावे पर एक भी अभ्यर्थी काउंसलिंग को नहीं पहुंचा।