अलीगढ़। महर्षि विद्या मंदिर स्कूल में एक बार फिर हंगामा हो गया। वहां पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक शुक्रवार को स्कूल पहुंच गए। स्कूल में फैली अव्यवस्थाओं के विरोध में हंगामा शुरू कर दिया। स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह स्कूल प्रबंधन से बातचीत के बाद ही अभिभावक शांत हुए।
बुधवार को महर्षि विद्या मंदिर स्कूल, पाला रोड में हंगामा हो गया था। क्लास में बैठे बच्चों के ऊपर चलता हुआ पंखा गिर पड़ा था। जिसके चलते कई बच्चे चोटिल हो गए थे। इस घटना से गुस्साए अभिभावकों का गुस्सा अभी शांत भी नहीं हुआ था कि शुक्रवार को एक बार फिर अभिभावकों ने हंगामा कर दिया।
छुट्टी के वक्त बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने फिर से हंगामा कर दिया। अभिभावक मनोज गुप्ता का कहना था कि स्कूल में कोई भी व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। बिजली चले जाने पर जनरेटर नहीं चलता है। जनरेटर है भी तो वो खराब पड़ा हुआ है। पीने के पानी के पास गंदगी पसरी रहती है।
टॉयलेट में से भी बदबू आ रही थी। जिस पर अभिभावकों ने विरोध दर्ज कराना शुरू कर दिया। इस दौरान स्कूल के एक कर्मचारी ने अभिभावकों संग अभद्रता कर दी। जिस पर अभिभावक और उत्तेजित हो गए। प्रधानाचार्या डॉ. सरिता माथुर ने किसी तरह मामला शांत कराया। वहीं अभिभावकों को आश्वासन दिया गया कि जल्द ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया जाएगा। विरोध जताने वालों में कुलदीप, अंकुर, राकेश, बबलू, मनोज आदि थे।