अलीगढ़। विश्व का सबसे बड़ा लिफाफा बनाने का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड एक बार फिर से एएमयू के नाम हो गया है। एएमयू के अजमल खान तिब्बिया कॉलेज के डॉ. नवाल उर रहमान के नेतृत्व में 17.86 मीटर लंबा और 13.10 मीटर चौड़ा लिफाफा तैयार कर नया रिकॉर्ड बनाया है। गिनीज बुक के लंदन स्थित कार्यालय से डॉ. नवाल उर रहमान के पास ईमेल आया है, जिसमें अगले 10 दिनों में प्रमाण पत्र भेजने की बात कही गई है। प्रमाण पत्र अजमल खान तिब्बिया कॉलेज के नाम से भेजा जाएगा।
एएमयू के इंजीनियरिंग के छात्र नबील अहमद के नेतृत्व में उनकी टीम ने डेढ़ वर्ष पहलेे 9 गुणा 6 मीटर का लिफाफा बना कर विश्व शांति के संदेश के साथ संयुक्त राष्ट्र के कार्यालय भेजा था। उस समय यह लिफाफा विश्व में सबसे बड़ा था। इसके लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से प्रमाण पत्र भी भेजा गया था।
इसके बाद आगरा कॉलेज आगरा की एमएससी जूलोजी की छात्रा गरिमा ने 14.51 मीटर लंबा और 9.86 मीटर लंबा लिफाफा तैयार कर एएमयू का रिकॉर्ड तोड़ कर नया रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद अप्रैल 2013 में डॉ. नवाल उर रहमान की टीम ने सबसे बड़ा लिफाफा बनाने का बीड़ा उठाया। करीब 20 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद डॉ. नवाल उर रहमान की टीम ने इसे बनाकर बांस के स्टैंड पर टांगने में कामयाबी हासिल की। लिफाफा विश्व शांति और महिला सुरक्षा के संदेश के साथ भारत के राष्ट्रपति को प्रेषित किया था।