अलीगढ़। जिला बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन की हड़ताल मंगलवार को 27वें दिन भी जारी रही। क्रमिक अनशन कर रहे ऑपरेटरों को अध्यक्ष सुधीश सिंह ने जूस पिलाकर उठाया। उन्होंने कहा कि बस संचालन बंद होने से तंगहाली और भुखमरी के कगार पर पहुंच कर जान देने वाले रमेश यादव की कुर्बानी बेकार नहीं जाएगी। अब एसोसिएशन ने इस मामले में चौथी मांग के रूप में रमेश के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने का बीड़ा उठा लिया है। जिसे हर हाल में पूरा किया जाएगा।
जिला प्रशासन की ओर से एडीएम सिटी डीएस सचान और बस ऑपरेटर्स के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही। हालांकि कोल विधायक हाजी जमीरउल्लाह ने खुद जाकर जिलाधिकारी से इस मामले का हल निकालने की गुजारिश की, लेकिन शाम तक कोई नतीजा नहीं निकला। कोल विधायक ने कहा है कि एक दो दिन में इस समस्या को आपसी बातचीत से सुलझा लिया जाएगा।
इधर, पूर्व सांसद चौ. बिजेंद्र सिंह ने भी बसों की हड़ताल से परेशान आम जनता को राहत दिलाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा है कि बस ऑपरेटर और जिला प्रशासन के बीच टकराव से आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कस्बों और गांवों से आने वाले लोगों से टेपों और मेजिक संचालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि ऐसा प्रतीत होता है कि सपा विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों की बस अड्डों को बाहर ले जाने के मामले में भूमाफिया से कोई बड़ी डील हुई है। इसलिए बसों का संचालन बंद कराया गया है और सत्तारूढ़ विधायक जनता की बदहाली का तमाशा देख रहे हैं।
गौर हो कि सोमवार को आसपास के गांवों से एकत्र हजारों ग्रामीणों ने नगर विधायक और सांसद प्रत्याशी जफर आलम के कार्यालय पहुंच कर बसों का संचालन शुरू कराने की मांग की थी। जिस पर नगर विधायक ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया था और प्रशासन से वार्ता कर समाधान निकालने को कहा था।