अलीगढ़। मानसून ने पश्चिमी यूपी के साथ ही अलीगढ़ में दस्तक दे दी है। रविवार की रात मानसून की पहली झमाझम बारिश हुई। मूसलाधार बारिश के कारण लोगों को जहां उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली वहीं शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पहली बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था भी चरमराकर रख दी। मैरिस रोड, रामघाट रोड और सेंटर प्वाइंट इलाके में सड़क निर्माण के कारण फुटपाथों पर गीली मिट्टी में दर्जनों वाहन फंसे रहे। परिवार के साथ शाम को रविवार के दिन घूमने निकले लोग ज्यादा परेशान। एक कार मैरिस रोड पर पलट गई। रामघाट रोड पर पीएसी के पास निर्माणाधीन सड़क के एक तरफ मिट्टी के कारण कीचड़ में कई मोटरसाइकिल सवार फंस गए। यहां पर कुछ लोग गिर कर जख्मी भी हुए। यहीं नही इस बीच कुछ देर के लिए मोबाइल फोन का नेटवर्क भी प्रभावित रहा। हालांकि कहीं किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं आई।
सुबह से बादल छाए हुए थे। रुक-रुक कर बूूंदाबांदी का सिलसिला शुरू हो गया था और शाम छह बजे बारिश शुरू हो गई। रात नौ बजे मूसलाधार बारिश से शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया। जिससे रामघाट रोड, गुरुद्वारा रोड, सुरेंद्र नगर तिराहा, अचलसरोवर, सराय दुबे, महेंद्र नगर, सराय रतनलाल, चरखवालान, खैर रोड, शाहजमाल, नगला मसानी, भुजपुरा, दीवानी कचहरी के सामने, छावनी, नौरंगाबाद जीटी रोड, विकास नगर, संजय गांधी कालोनी, श्यामनगर, गूलर रोड, अशोक नगर, रघुवीरपुरी, सराय रहमान सहित विभिन्न क्षेत्र जलभराव से जूझते रहे। बारिश के साथ ही मौसम सुहाना हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून ने दस्तक दे दी है। अगले दो-तीन दिन मौसम अभी ऐसा ही बने रहने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान 32 तथा न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। देर रात तक लगभग 30 मिमी. बारिश का अनुमान लगाया जा रहा था।