अलीगढ़। गभाना के बहुचर्चित अजय हत्याकांड की जांच भी सीबीसीआईडी को ट्रांसफर हो गई है। इससे पहले इस हत्या की पलटवार में हुए हमले के मुकदमे की जांच सीबीसीआईडी को पहुंच गई थी। इधर, हत्या के एक आरोपी ने सत्र न्यायालय में जमानत याचिका दायर की है, जिस पर अदालत ने सीबीसीआईडी से प्रकरण में केस डायरी मांगी है और सुनवाई के लिए 6 अप्रैल तारीख नियत की है।
गभाना कस्बे में 17 मार्च की रात करीब 10 बजे प्रॉपर्टी विवाद में युवक अजय की हत्या कर दी गई थी। इस बहुचर्चित हत्या में 30 बोर की स्प्रिंग फील्ड राइफल का प्रयोग हुआ था। हत्या के तीन दिन बाद दूसरे पक्ष से हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पहले हमले के मुकदमे के आरोपी पक्ष के विपिन कुमार सिंह की ओर से सरकार से सीबीसीआईडी की मांग की गई। बाद में हत्या के पीड़ित पक्ष की ओर से भी सरकार से अनुरोध किया गया। सरकार ने दोनों अनुरोध स्वीकारते हुए दोनों मुकदमों की जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी। अब इस मामले में वेदप्रकाश की ओर से हत्या के मामले में जमानत याचिका सत्र न्यायालय में दायर की गई है। इसे लेकर अदालत ने केस डायरी तलब की है, जो सीबीसीआईडी स्तर से सौंपी जानी है। सुनवाई के लिए अगली तारीख 6 अप्रैल नियत की है।