हाथरस। जिले में कानून व्यवस्था को बदमाश खुलेआम ठेंगा दिखा रहे हैं। बदमाशों ने रविवार शाम फिर एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। हाथरस जंक्शन के गांव नगला मान के निकट बदमाशों ने एक सर्राफ की गोली मारकर हत्या कर दी और गहनों से भरा थैला लूट ले गए। मृतक के परिजनों की पुलिस अफसरों से नोक-झोंक हुई। परिजन हत्यारों की गिरफ्तारी तक शव न उठाने पर अड़े थे।
थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला मान निवासी धर्मवीर पुत्र लक्ष्मण सिंह की निकट के कस्बा महौं में सर्राफ की दुकान है। रविवार की शाम करीब छह बजे वह अपनी दुकान से साइकिल से अपने घर नगला मान जा रहे थे। घर से कुछ दूर पहले ही रास्ते में कुछ बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। परिजनों के मुताबिक, बदमाश उनसे थैला लूटकर ले गए। इसमें आभूषण और दुकान की चाभी थी। घायल को तड़पते देख वहां भीड़ लग गई। आनन-फानन सर्राफ को बागला अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। मगर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को जिला अस्पताल ही रख दिया गया। वहां परिजन और काफी ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही एसपी हैप्पी गुप्तन, एसएसपी श्रीकृष्ण व अन्य अधिकारी वहां पहुंच गए। मृतक के परिजनों की पुलिस अधिकारियों से नोक-झोंक हुई। परिजनों का कहना था कि जब तक हत्यारे गिरफ्तार नहीं किए जाते तब तक शव नहीं उठाएंगे। देर रात तक एसपी सहित अन्य अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर मौजूद थे। एसपी हैप्पी गुप्तन का कहना था कि कि जल्द ही वारदात का खुलासा हो जाएगा। हत्या करने वालों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।