ग्राम प्रधानों को सम्मानित करतीं जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह व अन्य।
- फोटो : samvad
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को टीबी उन्मूलन की दिशा में बेहतर प्रदर्शन करने वाली 97 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिले में 100 दिवसीय विशेष टीबी मुक्त अभियान के द्वितीय चरण का भी शुभारंभ किया गया।
जिले की तीन ग्राम पंचायतें लुहारा, चिकोर और टूआमई लगातार तीन वर्षों से टीबी मुक्त रहकर गोल्ड कैटेगरी में शामिल हुई हैं। इसके अलावा, 42 ग्राम पंचायतों ने दो वर्ष और 52 ग्राम पंचायतों ने एक वर्ष से टीबी मुक्त रहने का गौरव हासिल किया है। डीएम संजीव रंजन ने प्रधानों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि अगले वर्ष यह संख्या 500 तक पहुंच सकती है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज त्यागी मौजूद रहे। ब्यूरो