डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
शिवरात्रि के अवसर पर मेडिकल स्टोर पूरी रात खुले रहेंगे। शराब की दुकानें बंद रहेंगी तो कांवड़ियों के रूटों पर पड़ने वाली सभी दुकानों पर खाने पीने से लेकर अन्य उपयोगी वस्तुओं की रेट लिस्ट लगाने के आदेश प्रभारी डीएम एवं सीडीओ अनुनय झा ने जारी किये हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई तैयारी बैठक में नगर निगम एवं नगर पंचायतों को अपने अपने क्षेत्र में सफाई एवं प्रकाश की व्यवस्था करने को कहा गया है। पीडब्लूडी को कांवड़ियों के सरकुलेशन वाले इलाकों की सड़कों को दुरुस्त कराने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग को भीड़भाड़ वाले इलाकों में एंबुलेंस तैनात रखने एवं विद्युत विभाग को अबाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। सभी एसडीएम एवं सीओ को अपने अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं पर नजर रखने के आदेश दिये गए हैं।
ब्लड बैंक को भी पर्याप्त ब्लड की व्यवस्था रखने को कहा गया है। खाद्य सुरक्षा टीम को खान-पान के आइटमों की निरंतर चेकिंग के आदेश दिये गए हैं। इस मौके पर एडीएम प्रशासन कृष्ण लाल तिवारी, एडीएम सिटी राकेश मालपानी, एडीएम वित्त एवं राजस्व उदय सिंह, एसपीआरए मणिलाल पाटीदार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।