डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिला कोषागार पर सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, बुजुर्गों, अति बुजुर्ग पेंशन व पारिवारिक पेंशनर की सहायता के लिए विधिक सहायता व जागरूकता डेस्क का शुभारंभ प्राधिकरण सचिव त्रिभुवन नाथ पासवान व वरिष्ठ कोषाधिकारी महिमा सिंह ने किया।
प्राधिकरण सचिव ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों व बुजुर्गों की सेवा एक विधिक दायित्व है। इससे बचा जा नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि कोषागार पर वरिष्ठ नागरिकों की सहायता यथा जीवित प्रमाण पत्र जमा करने, फार्म आदि भरने में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस सहायता डेस्क पर प्रत्येक कार्यदिवस पर सुबह 11 बजे से सायं 4 बजे तक दो पराविधिक स्वयं सेवक नियुक्त रहेंगे, जो वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायता पहुंचाएंगे। सचिव ने कहा कि किसी समस्या के लिए प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 18004190234 पर सहायता मांगने पर प्राधिकरण स्वयं सेवक घर पहुंच कर मदद करेंगे। शिविर में वरिष्ठ नागरिक पहुंचे। इस अवसर पर सोहनलाल, उपेंद्र मिश्रा, निधि शर्मा, सईदा खातून, बृजेश आदि मौजूद रहे।