डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
शासन के बेसिक शिक्षा परिषद के एक ही परिसर में चल रहे प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में एक ही प्रधानाध्यापक के नियुक्त करने वाले आदेश से जिले में 399 परिसरों में चल रहे 823 विद्यालयों में 399 ही प्रधानाध्यापक रह जाएंगे। वरिष्ठ प्रधानाध्यापक को ही चार्ज मिलेगा। जबकि अन्य प्रधानाध्यापक अध्यापक की श्रेणी में आ जाएंगे।
बता दें कि विगत दिनों शासन ने बेसिक शिक्षा विभाग में एक महत्वपूर्ण फैसला दिया है। जिसके तहत एक ही परिसर में संचालित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक का पद एक ही रहेगा। इसके तहत जिले में 399 परिसर ऐसे हैं, जहां 823 विद्यालय संचालित हैं। शासनादेश के अनुसार 399 प्रधानाध्यापकों पर ही चार्ज रहेगा।
अकराबाद में 20, अतरौली में 35, बिजौली में 29, चंडौस में 30, धनीपुर में 24, गंगीरी में 34, गोंडा में 33, जवां में 28, इगलास में 33, खैर में 26, लोधा में 34, टप्पल में 41 तथा नगर अतरौली में पांच परिसर में दो-दो विद्यालय संचालित हैं। जबकि नगर अलीगढ़ में 27 परिसर में 79 विद्यालय संचालित हैं। कुल 399 परिसर में अब 399 प्रधानाध्यापक ही रहने हैं। इस संबंध में बीएसए प्रभारी आलोक प्रताप श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसा निर्णय प्रदेश स्तर पर लिया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी मिली है। जबकि अभी तक शासन का आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।