न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
बरौला जाफराबाद में बनने जा रहे 156 प्रधानमंत्री आवास निर्माण पांच करोड़ की लागत से होगा। शुक्रवार को अलीगढ़ डवलपमेंट अथारिटी की उपाध्यक्ष ने बिलो रेट देने वाले दो ठेकेदारों सचिन शर्मा एवं हरेंद्र सिंह को निर्माण का ठेका दिये जाने की अनुमति दे दी है।
ज्यादा रेट वाले दो ठेकेदार दौड़ से बाहर हो गए हैं। अब दोनों से एग्रीमेंट की तैयारी है। एग्रीमेंट मिलते ही निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा। इधर मंजूरगढ़ी एवं छेरत सुढ़ियाल में बनने वाले 3500 प्रधानमंत्री आवासों के लिए टैंडरिंग प्रक्रिया शुक्रवार से आरंभ हो गई।
जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी को पंख लगेंगे। विकास प्राधिकरण ने गांव बरौला जाफराबाद में बनने जा रहे 156 प्रधानमंत्री आवासों के लिए डीपीआर पहले ही तैयार हो गई थी।
शुक्रवार को दो ठेकेदारों सचिन शर्मा एवं हरेंद्र सिंह को ठेका दिये जाने की अनुमति एडीए उपाध्यक्ष भावना श्रीवास्तव ने दे दी। अब इनके एग्रीमेंट कर वर्क आर्डर जारी करने की तैयारी है। इधर गांव मंजूरगढ़ी एवं छेरत सुढ़ियाल में भी 11.500 हेक्टेयर भूमि पर बनने जा रहे 3500 प्रधानमंत्री आवासों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुक्रवार से आरंभ हो गई।
एनआईसी के माध्यम से आन लाइन इस प्रक्रिया में 25 अगस्त तक टेंडर डाले जा सकेंगे। 29 अगस्त को टेंडर खोले जाएंगे। इसके बाद ठेकेदारों से उनकी फाइनेंशियल बिड लेकर उसका आंकलन होगा। जिस ठेकेदार के रेट बिलो होंगे, उसे निर्माण का ठेका दे दिया जाएगा।
एडीए सचिव डीएस भदौरिया ने स्वीकार किया कि बरौला जाफराबाद में बनने जा रहे 156 प्रधानमंत्री आवासों के लिए दो ठेकेदारों को एप्रूवल दे दिया गया है। जबकि गांव मंजूरगढ़ी एवं छेरत सुढियाल में बनने वाले 3500 आवासों के लिए टेंडर डलने शुक्रवार से आरंभ हो गए।