न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
लखनऊ से नई दिल्ली जा रही 12419 अप गोमती एक्सप्रेस के एसी कोचों में रविवार को जम कर हंगामा हुआ। अलीगढ़ स्टेशन पर ट्रेन चार नंबर प्लेटफार्म पर सवा घंटे की देरी से दोपहर 1:33 बजे आई।
ट्रेन का वर्तमान निर्धारित समय दोपहर 12:20 बजे है। ट्रेन के आने से ही रेलवे कंट्रोल से स्टेशन पर संदेश आ चुका था कि इसके एसी कोचों में दर्जनों युवा चढ़ गए हैं, जिससे एसी के मुसाफिर परेशान हैं। डिप्टी एसएस ने ट्रेन के आते ही जीआरपी, आरपीएफ और टीई स्टाफ को सचेत किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने टीई स्टाफ के साथ एसी कोच में जबरन घुसे लोगों को उतारना शुरू किया। पता चला कि पुलिस भर्ती परीक्षा को जाने वाले युवक जनरल टिकट लेकर इन एसी कोचों में घुस गए हैं।
तकरीबन दस मिनट तक ट्रेन चेन पुलिंग में खड़ी रही। एसी कोच के मुसाफिर अड़ गए थे कि एसी टिकट के बिना जो लोग कोच में घुसे हैं उनको तुरंत उतारा जाए। इसके बाद पुलिस ने बमुश्किल कोच को खाली कराया।
इस दौरान इटावा से अलीगढ़ के गोमती एक्सप्रेस के एसी कोचों में दर्जनों की संख्या युवा चढ़ गए थे। ये सभी एक भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे थे। जिसकी वजह से कोचों में पहले से सवार मुसाफिर परेशान हो गए थे।