न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
खेल के क्षेत्र में देश के पिछड़ने का सबसे बड़ा कारण देहाती क्षेत्रों में खेलकूद की सुविधाओं का अभाव सबसे बड़ा कारण है। सुविधाओं और समुचित मार्गदर्शन के अभाव में तमाम खेल प्रतिभाएं असमय दम तोड़ जाती हैं।
इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल के मैदान एवं मिनी स्टेडियम बनाने की योजना बनाई है। इस योजना को अमल में लाने के लिए शासन ने सभी जिलों से प्रस्ताव मांगे थे।
जनपद में तहसील कोल के गांव गजनीपुर की ग्राम समाज की भूमि को मिनी स्टेडियम के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। शासन को इसकी सूचना भेजी जा रही है।
एसडीएम कोल डॉ. पंकज वर्मा ने स्वीकार किया कि शासन की योजना पर अमल करते हुए गांव गजनीपुर में ग्राम समाज की तीन हेक्टेयर यानी कि करीब 39 बीघा जमीन मिनी स्टेडियम के लिए चिह्नित की गई है। इसकी सूचना शासन को भिजवाई जा रही है। वहां से बजट मिलते ही मिनी स्टेडियम का काम शुरू करा दिया जाएगा।
मिनी स्टेडियम में होंगी सभी सुविधाएं
अलीगढ़ के गांव गजनीपुर में बनने जा रहे मिनी स्टेडियम में खेलों से संबंधित लगभग सभी सुविधाएं रहेंगी। एथलेटिक्स के लिए ट्रैक होगा, बैडमिंटन हाल, वालीबाल कोर्ट, फुटबाल ग्राउंड, क्रिकेट के लिए नेट, जिम, स्विमिंग पूल आदि लगभग सभी तरह के खेलों के लिए सुविधाएं रहेंगी। इन सभी खेलों से संबंधित कोच भी ग्रामीण प्रतिभाओं के मार्गदर्शन के लिए मौजूद रहेंगे।
अन्य तहसीलों में अब तक नहीं हुआ चिन्हांकन
कोल तहसील को छोड़कर अन्य किसी भी तहसील में मिनी स्टेडियम के लिए अब तक जमीनों का चिन्हांकन नहीं हो सका है। हालांकि खेल के मैदानों के कुछ तहसीलों से प्रस्ताव जरूर आए हैं, लेकिन अभी तक बात मात्र कागजों तक ही सीमित है।