न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर एक मुस्लिम युवक के अकाउंट से हिंदू देवी-देवताओं पर अश्लील व आपत्तिजनक टिप्पणी की गईं, जिससे हिंदुवादी कार्यकर्ता भड़क गए हैं।
शनिवार दोपहर वे हिंदू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष सोनू सविता व संजू बजाज की अगुवाई में देहली गेट थाने पहुंचकर फेसबुक की टिप्पणियों के स्क्रीन शॉट दिखाए। साथ ही आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। इस पर इंस्पेक्टर ने मामले में साइबर सेल से जांच के आधार पर आरोपी को खोजने का आश्वासन दिया।
नगला मसानी निवासी संजू बजाज दोपहर में अपने मोबाइल पर सोशल साइट्स देख रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि अबरार शाह नाम के युवक के फेसबुक अकाउंट से देवी-देवताओं राम- सीता आदि पर आपत्तिजनक व अश्लील टिप्पणियां की गई हैं।
जिन लोगों ने कमेंट बॉक्स में विरोध दर्ज कराया, उनको भी जवाब में आपत्तिजनक व भद्दी गालियां लिखी गई हैं। इस तरह की पोस्ट देख संजू बजाज ने अपने साथी सोनू सविता को सूचना दी।
बाद में इसके स्क्रीन शॉट जुटाकर सभी लोग थाना देहली गेट पहुंचे। जहां इंस्पेक्टर सुनील कुमार वर्मा से मुलाकात कर तहरीर देते हुए कहा कि इससे वैमनस्यता पैदा हो रही है। इस पर इंस्पेक्टर ने तहरीर लेकर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और बताया कि साइबर सेल से आरोपी का पता निकलवा कर जांच की जाएगी। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।