आज अलीगढ़ महोत्सव में गद्दे पर होगी कुश्ती
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
आखिरकार जिलाधिकारी ऋषिकेश भास्कर यशोद के हस्तक्षेप से कुश्ती के लिए गद्दे आ गए। गद्दे की कीमत चार लाख एक हजार 841 रुपये की है। शुक्रवार को इसी नए गद्दे पर राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी के क्रीड़ा स्थल पर कुश्ती प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा एएमयू से लाए गए गद्दे पर भी कुश्ती होगी।
कुश्ती गद्दे के आने की सूचना जैसे ही खेल प्रेमियों को मिली, वैसे ही नुमाइश गेस्ट हाउस पर भीड़ लग गई। इस दौरान एडीएम सिटी एसबी सिंह, डॉ. रक्षपाल सिंह, जिला कुश्ती संघ के सचिव भगत सिंह बाबा, पार्षद पुष्पेंद्र सिंह जादौन पहुंच गए।
एएमयू कुश्ती प्रशिक्षक राकेश चौधरी ने बताय कि गद्दा उच्चकोटि का है। इस पर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता हो सकती है। उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के सह संयुक्त सचिव मजहर उल कमर ने डीएम का धन्यवाद देते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने खेलो इंडिया के तहत देश के खिलाड़ियों को जिस प्रकार से सहायता करने जा रही है, वह अपने आप में मील का पत्थर साबित होगा।
नए गद्दे का प्रतियोगिता से पहले पूजन होगा। विजेता को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ट्रॉफी व उत्तर प्रदेश केसरी का खिताब दिया जाएगा।