शिविर में 150 मरीजों की डायबिटीज का परीक्षण किया
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
विश्व डायबिटीज दिवस के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग और अमर उजाला के द्वारा सोमवार को गांधी पार्क में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर और डायबिटीज परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 150 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ की स्थानीय महिला शाखा की महामंत्री माधवी गुप्ता ने योग के माध्यम से मधुमेह को नियंत्रित करने की विधियां लोगों को बताईं।
स्वास्थ्य विभाग के नान कम्यूनिकेबल डिसीज सेल और अमर उजाला की ओर से कंपनी बाग स्थित गांधी पार्क में एनसीडी के डाक्टरों ने ही स्वास्थ्य और मधुमेह का परीक्षण किया। सेल की वित्तीय कंसलटेंट रागिनी सिंह ने बताया कि कैंप में लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिली। यहां पर सुबह के समय सैर के लिए आने वाले लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण और मधुमेह के प्रति जागरूकता में गहरी रुचि दिखाई। देहली योग संस्थान की इंदुबाला ने भी लोगों को वह विशेष आसन बताए, जिससे डायबिटीज को नियंत्रित रखा जा सकता है। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी सिंह, फिजीशियन डॉ. मुकुल भारद्वाज, सायशियोथेरेपिस्ट शिब्ली, लैब तकनीशियन सोनू शर्मा, काउंसलर सीमा अग्रवाल, जीएनएम मुनीश, दुर्बल वर्ग उत्थान समिति से सुधीर गुप्ता, अरुण दीक्षित, टीबी से रविंद्र हरकुट, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर आदि मौजूद थे।
आज जागरूकता रैली डीएस कालेज से
अलीगढ़। मंगलवार को विश्व डायबिटीज दिवस के अवसर पर धर्म समाज कालेज से गांधी पार्क तक जागरूकता रैली निकाली जाएगी। इस अवसर पर गांधी पार्क में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। रैली में धर्म समाज डिग्री कालेज, एसवी डिग्री कालेज, अरेना एनीमेशन सहित अन्य संस्थानों के विद्यार्थी शामिल होंगे। इस अवसर पर डायबिटीज के संबंध में लोगों को जानकारी भी दी जाएगी। बुधवार को एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन मलखान सिंह जिला अस्पताल के सभागार में दोपहर 12 बजे से किया जाएगा।