सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर की पत्नी का बैग उड़ाया
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
रामघाट रोड पर संचालित ऑटो चालक गांधीपार्क चौराहे से नोएडा में तैनात सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर की पत्नी का बैग ले उड़ा। महिला ऑटो में क्वार्सी से बस स्टैंड जाने के लिए सवार हुई थी। मगर ऑटो से उतरते समय चालक बैग लेकर भाग गया। हालांकि महिला ने शोर मचाया। मगर तब तक वह निकल चुका था। यह घटना चौराहे पर लगे सीसीटीवी में कैद हुई है और चालक का हुलिया भी महिला ने पहचान लिया है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी तलाश में लग गई है।
वाकये के अनुसार नोएडा में तैनात इंस्पेक्टर जितेंद्र भारद्वाज रामघाट रोड पर क्वार्सी थाने के सामने स्थित रामबाग गली नंबर 3 के निवासी हैं। वह पत्नी शिल्पी शर्मा व डेढ़ साल की बेटी के साथ नोएडा ही रहते हैं। चार-पांच दिन के लिए शिल्पी ससुराल घूमने आई थीं। सोमवार दोपहर करीब 11.30 बजे वह ससुराल स्थित घर से मायके आगरा जाने के लिए बेटी को लेकर निकलीं और गली के बाहर से बस स्टैंड के लिए ऑटो में सवार हो गईं। बस का पहले से रिजर्वेशन था।
वह जैसे ही गांधीपार्क चौराहे पर ऑटो से उतरीं तो उनका एक महरूम रंग का छोटा सफारी बैग ऑटो की सीट पर रह गया। इस पर ऑटो चालक ने हरकत कर दी और वह बैग देने के बजाय उसे लेकर उड़ गया। इस दौरान महिला चिल्लाती रह गई। इस बैग में बच्चे के कपड़े, 5 हजार नकदी सहित अन्य जरूरी सामान रखा था। इस सूचना पर गांधीपार्क चौकी पुलिस आ गई और नोएडा से उनके पति भी आ गए। महिला द्वारा बताए गए हुलिया के आधार पर पुलिस सीसीटीवी की मदद से आरोपी की खोज में लगी है। चौकी इंचार्ज के अनुसार प्रकरण में कार्रवाई जारी है।