सभी के सहयोग से स्वच्छ बनेगा अपना शहर
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में ‘अलीगढ़ सिटी को स्वच्छ बनाने में एनसीसी कैडेट्स क्या योगदान दे सकते हैं’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कैडेट्स ने स्वच्छता के महत्व को दर्शाने वाले पोस्टर बनाए।
खुशी सिंह ने कहा कि एनसीसी का मोटो अनुशासन और एकता है। अनुशासन हमें सबसे पहले स्वच्छ रहना सिखाता है और यह कार्य कोई एक व्यक्ति नहीं कर सकता है। इसमें सभी के सहयोग की आवश्यकता है।
प्राची गर्ग ने कहा कि हम सभी को साथ लेकर अपने शहर को स्वच्छ बनाएंगे तो इससे एकता भी बढे़गी और हमारा शहर अलीगढ़ स्वच्छ एवं बीमारियों से मुक्त रहेगा। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में आकृति, कृति, हितेश, अब्दुल और चांदसी राठी के पोस्टर की खूब सराहना मिली।
प्रबंध निदेशक प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि जब भी विद्यार्थियों द्वारा इस प्रकार का आयोजन होता हुआ देखता हूं तो खुशी महसूस करता हूं। हमारे बच्चे भारत की आवश्यकता को समझ गए हैं और उसे ऊंचा उठाने में जुट गए हैं। अमित गुप्ता, प्रधानाचार्य उश्ररा कपूर आदि मौजूद थीं।