मोनिका शर्मा को टीचर ऑफ द डे का खिताब
ब्यूरो,अमर उजाला ,अलीगढ़।
दिल्ली पब्लिक स्कूल सीनियर विंग, जूनियर विंग व सिविल लाइंस में सोमवार को शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर शिक्षिका मोनिका शर्मा को टीचर ऑफ द डे घोषित किया गया।
विद्यालय के छात्रों ने सभी शिक्षकों को शीर्षक प्रदान किए। नृत्य, गीत व संगीत की त्रिवेणी बहाकर छात्रों ने शिक्षकों को भी थिरकने पर मजबूर कर दिया। समारोह में विद्यालय की स्टूडेंट काउंसिल ने सभी शिक्षकों को कार्ड देकर सम्मानित किया।
विद्यालय की हैड मिस्ट्रेस भावना भारद्वाज ने कहा कि शिक्षक मोमबत्ती के समान होता है, जो दूसरों को आलोकित करने के लिए स्वयं तक को जला देते हैं। वह बच्चों के चरित्र व भविष्य के निर्माता होते हैं। सीनियर विंग में विद्यार्थियों ने एक मार्मिक लघु नाटिका के माध्यम से बदलते युग में शिक्षक के प्रति घटते सम्मान को प्रदर्शित किया।
नाटिका के माध्यम से यह समझाया गया कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षक ही उनके सर्वेसर्वा हैं। यदि शिक्षक के बताए मार्ग पर नहीं चले तो भविष्य अंधकारमय तय है।
विद्यालय की प्रिंसिपल रश्मि ग्रोवर ने कहा कि हमें अच्छे गुरुओं की शरण में रहकर सद् ज्ञान प्राप्त करना चाहिए। एसएम असद अब्बास नकवी, समशुल हसन, हर्षिता व बिजयिनी नायक प्रतियोगिताओं के विजेता रहे।