वर्ड्सवर्थ व फ्रांसीसी क्रांति का प्रभाव पूरी दुनिया पर
ब्यूरो,अमर उजाला ,अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के अंग्रेजी विभाग के छात्रों के मंच ‘डिस्कशन ग्रप’ का उद्घाटन आर्ट्स फैकल्टी लाउंज में प्रख्यात इतिहासकार प्रोफेसर इरफान हबीब ने किया।
इस मौके पर पद्मभूषण प्रोफेसर इमेरिटस इरफान हबीब ने विख्यात कवि विलियम वर्ड्सवर्थ और फ्रांसीसी क्रांति पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वर्ड्सवर्थ और फ्रांसीसी क्रांति का पूरी दुनिया पर गहरा प्रभाव पड़ा है। वर्ड्सवर्थ की गरीबी उन्मूलन की मांग अंग्रेजी साहित्य के इतिहास के लिए अभूतपूर्व है।
इस दौरान उन्होंने अंग्रेेजी विभाग में बीते अपने छात्र जीवन के अनुभवों को शेयर किया। अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर सीमी हसन ने इतिहास के अध्ययन और सार्वजनिक प्रवचन में महत्वपूर्ण हस्तक्षेप के क्षेत्र में प्रोफेसर इरफान हबीब के योगदान पर प्रकाश डाला।
शोध छात्र अब्दुल कादिर ओनिन ने पिछले सेमेस्टर में डिस्कशन ग्रुप द्वारा आयोजित की गई गतिविधियों पर आधारित रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन सादरा समरीन ने किया, जबकि मोहम्मद दानिश इकबाल ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। टीचर इंचार्ज डॉ. मुनीर एके ने ग्रुप के पदाधिकारियों का परिचय दिया।