उपद्रव के बाद हालात सामान्य, दो और उपद्रवी जेल भेजे
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़। ऊपरकोट पर जुमे की नमाज के बाद हुए उपद्रव के तीसरे दिन रविवार को हालात काफी हद तक सामान्य रहे। ऊपरकोट सहित आसपास का समूचा बाजार सामान्य दिनों की तरह खुला। मगर सबसे खास बात है कि यहां कोतवाली के बाहर जामा मसजिद पर लगने वाला फड़ बाजार आज भी नहीं खुला।
इधर, पुलिस ने दो और उपद्रवियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। खुद एडीएम सिटी व एसपी सिटी पुराने शहर में भ्रमण करते रहे और लोगों से जानकारी करते रहे। हालांकि अब रविवार को आरएएफ हटा ली गई है। मगर बल्वाइयों को चिह्नित करने का काम जारी है। पुलिस ने 36 बल्वाई ऐसे हैं, जिनके नाम पतों सहित फोटो भी जुटा लिए हैं।
रेलवे रोड के दुहरे हत्याकांड के बाद शुक्रवार को मुआवजे की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शन के बीच उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव व फायरिंग कर दी थी। जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। लगभग एक घंटे तक चले बवाल के बाद मामला शांत हुआ तो पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज किए।
इस प्रकरण में पुलिस ने पहली रात ही 6 आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया था, जबकि शनिवार रात में दो और फूल चौराहा निवासी फैजान पुत्र शहजाद व उमेर पुत्र लतीफ को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें दुपहर बाद रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया। इस दौरान रेलवे रोड सहित आसपास के सभी बाजारों में त्योहारी खरीदारों की भीड़ खूब रही। सब कुछ सामान्य दिनों की तरह रहा। ऊपरकोट भी पूरी तरह खुला। मगर कोतवाली के बाहर लगने वाले फड़ नहीं लगे।
---
आरोपियों को निर्दोष बताकर किया हंगामा
जिन युवकों को पुलिस ने पकड़ा था, उन्हें उनके परिजन पूरी तरह से निर्दोष बताने में जुटे थे। रविवार को पकडे़ गए दोनों युवकों की पुलिस ने जेल भेजने की तैयारी की। उनके परिजनों ने आकर कोतवाली में हंगामा शुरू कर दिया। इतना ही नहीं यह भी कहा कि उनके लड़के तो पूरी तरह से निर्दोष हैं लेकिन जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तब जाकर लोग शांत हुए।
--
बाहरसैनी धर्मशाला पर पथराव में मुकदमा दर्ज
शुक्रवार को ऊपरकोट पर हुए बवाल के दौरान बाहरसैनी धर्मशाला व मंदिर में पथराव के मामले में पुजारी द्वारा तहरीर देने पर थाना प्रभारी देहलीगेट ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि सीसीटीवी के माध्यम से जल्द ही शिनाख्त कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
------
फोटो
सीओ प्रथम विशाल पांडेय, थानाध्यक्ष देहलीगेट अनुज कुमार एवं दरोगा राजकुमार सिंह का माल्यार्पण एवं बुके भेंटकर स्वागत करते हुये हैल्पिंग हैंड सोसाइटी के सदस्य।
पत्थरबाजों को खदेड़ने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान
अलीगढ़। ऊपरकोट पर हुए पथराव में पत्थरबाजों को खदेड़ने वाले सीओ प्रथम विशाल पांडेय, थानाध्यक्ष देहलीगेट अनुज कुमार एवं दरोगा राजकुमार सिंह का हैल्पिंग हैंड सोसाइटी ने थाना देहलीगेट में माल्यार्पण करके एवं उन्हें बुके भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष जयगोपाल वीआईपी ने कहा कि ऊपरकोट पर हुये उपद्रव में सभी पुलिसकर्मियों ने अपनी जान पर खेलते हुए हालात को नियंत्रित किया। वह काबिले तारीफ है। स्वागत करने वालों में विपिन मित्तल, संदीप वार्ष्णेय, अभिराम गोयल, पुनीत अग्रवाल, नवीन नारायन, राहुल नवरत्न, मनीष, गौरव अग्रवाल, पदम वार्ष्णेय, राजीव चित्रा, रंजीत शर्मा, सुन्दर वार्ष्णेय, मयंक वार्ष्णेय, अमित अग्रवाल जौनी, गणेश वार्ष्णेय आदि मौजूद थे।