छह घंटे गुल रही जिला अस्पताल की बत्ती
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
ट्रांसफार्मर की सीटी बर्स्ट होने के कारण मलखान सिंह जिला अस्पताल में मंगलवार को छह घंटे तक बिजली का संकट रहा। इससे उमस भरी गर्मी में वार्डों में मरीज बिलबिला उठे।
असहनीय स्थिति होने पर इमरजेंसी और बच्चा वार्ड के मरीज वार्डों के बाहर पेड़ों के नीचे आ गए। दोपहर बाद जब बर्स्ट सीटी कोे बदली गई, तब आपूर्ति सुचारु हो सकी।
अस्पताल में लगे जेनरेटर से केवल ब्लड बैंक और आपरेशन थिएटर सहित जरूरी विभागों को ही बिजली आपूर्ति हो रही है। करीब 11 महीने से जिला अस्पताल की बिजली आपूर्ति शहर की बिजली आपूर्ति से जोड़ दी गई है।
शासन के निर्देश हैं कि जिला अस्पताल की आपूर्ति 33 केवी के फीडर से जुड़ी रहेगी और 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जाएगी। जिला अस्पताल परिसर में बिजली घर के भवन का निर्माण होने के चलते बिजली आपूर्ति का स्रोत बदल दिया गया है।
इसको लेकर सोमवार को सीएमएम डॉ. हीरा सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की थी। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता से बात की थी और अस्पताल की स्थिति के विषय में बताया था, जबकि अस्पताल को 24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश हैं।
अंदर पंखे तक नहीं चल रहे हैं। भभका सा निकल रहा है। बहुत घबराहट हो रही है, इसीलिए बच्ची को बाहर पेड़ के नीचे ले आए हैं। - डेढ़ वर्षीय निशा की मां
बिजली से जलने के कारण दो वर्षीय विशाल बच्चा वार्ड में और मैं इमरजेंसी में भर्ती हूं। बिजली नहीं होने से वार्ड में बैठना मुश्किल हो रहा है। - ममता, इमरजेंसी में भर्ती, इगलास।