लूट की शिकार महिला फाइनेंस कर्मी। संवाद
- फोटो : Samvad
बुधवार की दोपहर गांव बरानदी गांव से समूह की किश्तें एकत्र कर लौट रही महिला फाइनेंस कर्मी में दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर 90 हजार रुपयों से भरा बैग लूट लिया। सूचना पर थाना पुलिस सहित एसओजी टीम व सीओ मौके पर पहुंच गए। शक के आधार पर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है।
कोंछोड़ गांव निवासी कुमारी सपना पुत्री घूरे सिंह अलीगढ़ शहर के एटा चुंगी स्थित एक फाइनेंस ग्रुप कंपनी में सीजीओ के पद पर कार्यरत हैं। उनका काम गांवों में समूह बनवाकर ऋण दिलाना और ऋण की किश्तों को गांव-गांव से एकत्र कर कंपनी में जमा करना है।
सपना के अनुसार बुधवार को वह स्कूटी से बरला क्षेत्र के गांव भवीगढ़, हरदुआगंज के गांव शाहपुर और कलाई से होकर बरानदी गांव पहुंचीं। वहां से किश्त का रुपया लेकर निकलीं तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने चलते-चलते स्कूटी की चाबी निकाल ली। स्कूटी रुकने पर तमंचे निकालकर मोबाइल छीन लिया। इसके बाद रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। उन्होंने बैग नहीं छोड़ा तो पैर पर स्कूटी गिराकर जबरन बैग छीनकर भाग निकले।
सपना के अनुसार कुछ दूर जाकर लुटेरों ने उनका मोबाइल एक खेत में फेंक दिया। इसके बाद उन्होंने मोबाइल और राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। देर शाम तक सीओ मो. अकमल खान, एसओ रवि चंद्रवाल समेत एसओजी की टीम मौके पर जांच पड़ताल में जुटी हुई थी। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।
-घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच-पड़ताल की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज देखकर हुलिया के आधार पर दो युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया है। जांच के आधार पर मुकदमे की करवाई प्रचलन में लाई जाएगी। -मो. अकमल खान, सीओ अतरौली।