जवां थाना क्षेत्र के कासिमपुर रोड स्थित राजकीय होम्योपैथिक हॉस्पिटल के सामने मकान में बृहस्पतिवार की रात छापा मार पूर्ति विभाग ने 88.15 क्विटंल सरकारी राशन का चावल पकड़ा। गभाना तहसील के पूर्ति निरीक्षक शिवकुमार त्यागी की ओर से तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। चावल छेरत के राशन डीलर के गोदाम में सीज किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सोनी ने बताया कि राजकीय होम्योपैथिक हॉस्पिटल कासिमपुर रोड के सामने राजकुमारी पत्नी स्व. दामोदर के मकान में स्थित दुकान में छापा मारा गया, जहां ट्रक यूपी 81 सीटी 0620 में चावल लादा जा रहा था। मौके पर चालक हर्ष पुत्र बनवारी लाल निवासी नगला केशों दरियापुर, सासनी, हाथरस व हेल्पर सूरज कांत पुत्र खुन्नीराम निवासी दरियापुर, नगला केशों, सासनी, हाथरस को पकड़ा गया। इनके साथ मजदूर भी थे, जो चावल लाद रहे थे।
जांच में चावल सरकारी राशन का पाया गया। पूछताछ में पता लगा कि अलीगढ़ के राकेश सिंह का यह चावल है। उसने पांच माह पहले राजकुमारी के यहां किराए पर दुकान ली थी। उसमें वह गोदाम चला रहा था। चावल की खरीद के संबंध में कोई भी साक्ष्य मौके पर प्रस्तुत नहीं किया गया। चावल की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। राकेश सिंह, हर्ष, सूरजकांत के खिलाफ सुसंगत धाराओं में थाना जवां में मुकदमा दर्ज कराया गया है।