कौशल कुमार ओझा
जनपद के ग्रामीण क्षेत्र में 94735 ऐसे विद्युत उपभोक्ता हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद एक बार भी बिल जमा नहीं किया है। इन पर करीब 104.25 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। शासन ने 100 दिन के अंदर संपूर्ण भुगतान प्राप्त करने का निर्देश दिया है। भुगतान नहीं होने की स्थिति में उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की तैयारी है। ये सभी कनेक्शन 01 अप्रैल 2017 के बाद हुए हैं।
सौभाग्य योजना के अंतर्गत ग्रामीणों क्षेत्रों में मुफ्त विद्युत कनेक्शन दिए गए थे। कुछ लोगों को 50 रुपये मासिक किस्त पर कनेक्शन बांटे गए थे। इसके अलावा दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना के अंतर्गत भी कनेक्शन हुए थे। शासन का मकसद था कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक घर रोशन हो सकें। जनपद में 2016 में 1.29 लाख कनेक्शन थे, जो वर्तमान में बढ़कर 4 लाख तक पहुंच गए हैं।
दक्षिणांचल विद्युुत वितरण निगम लिमिटेड के विद्युत वितरण मंडल प्रथम के अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सारस्वत ने बताया कि मंडल प्रथम एवं द्वितीय में 1 अप्रैल 2017 के बाद विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कनेक्शन दिए गए थे। 94735 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद आज तक बिजली बिल जमा नहीं किया है। मंडल प्रथम में 33850 उपभोक्ताओं पर 30.25 करोड़ रुपये बकाया है, जबकि मंडल द्वितीय में 60885 उपभोक्ताओं पर 74 करोड़ रुपये बकाया है। शासन से 100 दिन के अंदर में संपूर्ण भुगतान प्राप्त करने का आदेश हुआ है। बिल भुगतान नहीं होने पर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
ग्रामीण विद्युत वितरण मंडल प्रथम कनेक्शन
खंड प्रथम - 10254
खंड द्वितीय - 11956
खंड तीन - 11640
--
कुल - 33850
ग्रामीण विद्युत वितरण मंडल द्वितीय कनेक्शन
खंड चतुर्थ - 22256
खंड पांच - 19396
खंड छह - 19233
---
कुल - 60885