मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली ग्रामीण क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की सूरत बदलने वाली है। अलीगढ़-बाइपास व एनएच 509 जवां कस्बा सहित 14 सड़कों के निर्माण की मंजूरी मिल गई है। 84 किमी लंबी सड़क का साढ़े 15 करोड़ रुपये से निर्माण होगा। इसकी पहली किस्त जारी भी हो गई है।
ग्रामीण इलाकों की सड़कें कई सालों से जर्जर हैं। इसको लेकर जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने शासन को प्रस्ताव भेजे थे। सड़क क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को बहुत परेशानी उठानी पड़ती थी। कई बार हादसे भी हो गए। जनप्रतिनिधियों ने इन सड़कों के मरम्मत व नवीनीकरण के लिए शासन में पत्र भेजा। जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
शासन ने ग्रामीण इलाकों की जर्जर सड़कों को मंजूरी दे दी है। लोक निर्माण विभाग जल्द ही इन सड़कों की निविदा निकाल पर कार्य शुरू कराएगा। - आरके गौतम, एसई, लोनिवि