न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
थाना गांधी पार्क के दुबे पड़ाव इलाके की एक किशोरी बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई। आग में झुलस रही किशोरी की चीखपुकार सुन मौके पर परिजन और पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। घटना के पीछे भी वजह देर रात तक साफ नहीं हो सकी। आनन-फानन में आग बुझाकर उसे जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
वाकये के अनुसार दोपहर के करीब तीन बजे घर की दूसरी मंजिल पर गई किशोरी की चीखपुकार की आवाजें आने लगीं। आवाज सुन परिजनों सहित पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो होश उड़ गए। किशोरी के कपड़ों से तेज लपटें उठ रहीं थीं। आनन-फानन में बोरी-चादर डालकर आग बुझाई। हालांकि तब तक किशोरी आग से करीब 60 फीसदी तक झुलस गई। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस और परिजनों ने उसे जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।
परिजनों के अनुसार किशोरी घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में रखे स्टोव पर पानी गर्म करने गई थी। स्टोव जलाते समय उसके कपड़ों में आग लग गई। हालांकि पुलिस इन बयानों को सच नहीं मान रही है। आग घटना के पीछे पारिवारिक कलह की भी बात सामने आ रही है। इंस्पेक्टर थाना गांधी पार्क के अनुसार मामले की तफ्तीश की जा रही है। किशोरी की हालत में सुधार आने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।