न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 के लिए मॉडल ईवीएम एवं वीवीपैट को राजनीतिक दलों प्रतिनिधियों के समक्ष चेक किया जाएगा। इसमें एक फीसदी मशीनों में 1200 वोट, 2 फीसदी ईवीएम में 1000 वोट और बाकी दो फीसदी में 500 वोट डाले जाएंगे। इसमें ईवीएम में वोट डाल कर उनकी विश्वसनीयता जांची जाएगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव ने इसके लिए निर्देश जारी किए हैं।
सभी दलों के प्रतिनिधियों को इसका पत्र जारी कर दिया गया है। कलक्ट्रेट के वेयर हाउस में रखी गई इन मशीनों सुबह दस से पांच बजे तक देखा व जांचा जा सकता है। ईवीएम और वीपी पैट की ये प्रथम स्तरीय जांच है, इसके बाद द्वितीय और तृतीय स्तर की जांच होगी। निर्वाचन आयोग ने सभी दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य की है।
17 जनवरी से ईवीएम तथा वीवी पैट की फ र्स्ट लेवल चेकिंग का कार्य ईसीआईएल कंपनी हैदराबाद के कर्मी कर रहे हैं। चुनाव से पहले ईवीएम मशीनों की विश्वसनीयता को लेकर कई राजनीतिक दल सवाल उठा रहे हैं। इसलिए निर्वाचन आयोग ने ये आदेश दिए हैं।