न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिला बस आपरेटर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम चंद्रभूषण सिंह के आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को नए बस अड्डों से बसों के संचालन में होने वाली परेशानियों से अवगत कराया।
इस पर डीएम ने बस आपरेटरों को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि अलीगढ़ स्मार्ट सिटी घोषित हो गया है। इसलिए जनहित में शासन की मंशा के अनुरूप सभी बस अड्डों को बाहर किया गया है। जिन स्थानों पर बस अड्डे बन रहे हैं उन्हें आधुनिक तरीके से बनाया जा रहा है।
नए बस अड्डों से बसों के संचालन में किसी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न होती है तो दोनों पक्ष बस मालिकान व जिला प्रशासन आपसी बैठकर समस्या का निराकरण निकालेंगे। प्रतिनिधिमंडल में राजेश पाल सिंह, ठा. योगेंद्रपाल सिंह, केपी सिंह, बबलू सिंह, मुकेश तायल आदि मौजूद थे।