न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
धनीपुर हवाई पट्टी के विस्तारीकरण के काम से पहले मार्ग में आ रहे अवरोधों के सर्वे के लिए पहुंची सिविल एवीएशन की टीम ने बुधवार को मौके पर जाकर सभी अवरोधों का सर्वे कर चिन्हांकित किया। इसकी रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जा रही है।
धनीपुर हवाई पट्टी के विस्तारीकरण में तीन गांवों जुलूपुर सिहोर, किशनगढ़ी समेत तीन गांवों की 19.5 एकड़ भूमि का अधिग्रहण होना है। इस भूमि में पेड़, विद्युत पोल, टावर, बिल्डिंग आदि आ रहे हैं। विद्युत विभाग ने पोल हटाने के लिए 30 लाख तो वन विभाग ने पेड़ हटाने के लिए दस लाख का एस्टीमेट प्रस्तुत किया है।
बुधवार को सिविल एवीएशन के अफसरों ने तहसील कोल, पीडब्लूडी, विद्युत, वन एवं अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ मौके पर जाकर विस्तारीकरण में आड़े आ रहे पेड़, विद्युत पोल, विद्युत तार, मोबाइल टावर, कच्चे पक्के निर्माण आदि का चिन्हांकन किया। एडीएम सिटी एसबी सिंह ने बताया कि चिन्हांकन के बाद एक संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर शासन के पास भेजी जा रही है।