न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल के लिए कुख्यात रहे इस जिले में जिला प्रशासन और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी कह रहे हैं कि किसी भी सूरत में नकल नहीं होने दी जाएगी। डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा का दावा है कि सख्त व्यवस्थाएं की गई हैं। इस बार जिले में परीक्षाएं शांतिपूर्वक और नकल विहीन होंगी। इस बारे में डॉ. शर्मा से बातचीत के कुछ अंश।
सवाल - यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए क्या तैयारी की गई है।
जवाब - सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी केंद्रों पर व्यवस्थापक तैनात कर दिए गए हैं। कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई है। प्रश्नपत्र और कॉपियां भी पहुंच गई हैं। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र भी मिल गए हैं।
सवाल -इस बार जिले में पिछले साल की अपेक्षा काफी ज्यादा परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं, जबकि परीक्षा केंद्र कम बनाए गए हैं। ऐसे में क्या अव्यवस्थाएं सामने आ रही हैं।
जवाब- पिछले सत्र में 1.35 लाख परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था और परीक्षा केंद्रों की संख्या 273 थी, जबकि इस बार 1 लाख 86, 286 परीक्षार्थियों हैं और केंद्रों की संख्या 240 है। लेकिन परीक्षा दो शिफ्टों में हैं इसलिए कोई दिक्कत नहीं है। केंद्रों की संख्या इसलिए कम हुई है, क्योंकि काफी विद्यालयों को शासन ने डिबार कर दिया था।
सवाल-यह जिला नकल के लिए कुख्यात है और खास तौर पर अतरौली क्षेत्र में नकल के ठेके उठते हैं। ऐसे में विभाग नकल माफियाओं से कैसे निपटेगा।
जवाब -पिछले वर्षों तक जो हुआ, उस पर मैं कुछ नहीं कहूंगा, लेकिन इस साल परीक्षाएं नकल विहीन ही होंगी। इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 151 केंद्रों को संवेदन और अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। यहां स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। एसटीएफ की तैनाती भी रहेगी। हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे संचालित रहेंगे। इसकी सीडी केंद्र व्यवस्थापक डीआईओएस ऑफिस में भिजवाएंगे। यदि इन कैमरों के संचालन में कोई लापरवाही बरती गई तो केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा चार सुपर जोनल, 8 जोनल व 31 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए हैं। विभाग के सात सचल दल छापेमारी करेंगे। अतरौली पर तो विभाग और प्रशासन का पूरी तरह से फोकस रहेगा ही।
सवाल- नकल रोकने के लिए और क्या व्यवस्थाएं की गई हैं।
जवाब- कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। वहां भी रिजर्व सचल दल मौजूद रहेगा। नकल की शिकायत आने पर तत्काल वहां टीम भेजी जाएगी। इसके साथ-साथ जेडी व अन्य अधिकारियों के सचल दल सक्रिय रहेंगे। हर केंद्र पर विभाग के पर्यवेक्षक भी तैनात कर दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी है। उत्तर पुस्तिकाएं अधिक तम दो घंटे के अंदर संकलन केंद्रों पर पहुंचा दी जाएंगी। नौरंगीलाल जीआईसी के अलावा अतरौली और खैर में एक विद्यालय में संकलन केंद्र बनाया गया है।
सवाल -कुछ विद्यालयों में प्रवेश पत्र के नाम पर परीक्षार्थियोें से वसूली की जा रही है। इस बारे में विभाग क्या कार्रवाई कर रहा है।
जवाब - ऐसे एक-दो विद्यालय की शिकायत आई है। जांच में यदि यह सही निकली तो सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी कोे अवैध वसूली नहीं करने दी जाएगी।
सवाल- परीक्षा ड्यटी पर शिक्षकोें की कमी की बात सामने आ रही है। इसके चलते परीक्षा संचालन में क्या कोई दिक्कत आएगी।
जवाब- शुरू में परीक्षा ड्यूटी में कक्ष निरीक्षकों की कमी आ रही थी, लेकिन डीएम साहब के निर्देश पर अब बेसिक शिक्षा के करीब चार हजार शिक्षक परीक्षा ड्यूटी के लिए मिल गए हैं।