न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एक बार फिर एएमयू के छात्रों ने संपूर्ण उत्तर भारत का नाम रोशन किया है। एआईयू के तत्वावधान में हरियाणा की अंबाला महर्षि मार्कंडेश्वर डीम्ड विश्वविद्यालय में होने वाले नार्थ जोन यूथ फेस्टिवल में डिबेट, क्विज और ड्रामा (माइम) में दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय महोत्सव में जगह बना ली है। तीनों विजेता टीमें 16 फरवरी से रांची में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में जुट गई है।
एआईयू (भारतीय विश्वविद्यालय संघ) प्रतिवर्ष पूरे भारत से कुछ प्रतिभाशाली छात्रों का चुनाव करता है। देश को पांच जोन में बांट कर प्रतिस्पर्धा कराई जाती है, जिसकी विजेता टीम आल इंडिया में भाग लेती है ।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता जीतने वाली टीम अंतर्राष्ट्रीय (एशिया आर्ट) फेस्टिवल में भारत का प्रतिनिधित्व करती है। एएमयू की यह तीनो टीमें एशिया आर्ट में देश का प्रतिनिधित्व करने से बस एक कदम पीछे हैं।
एएमयू की 40 सदस्यीय टीम 11 जनवरी को अंबाला रवाना हुई थी, जिसमे कल्चरल एजुकेशन सेंटर के ड्रामा क्लब, लिट्रेरी क्लब और फाइन आर्ट क्लब के छात्र-छात्राएं शामिल थे।
क्विज कंप्टीशन में अंसब और राबिया को दूसरा स्थान व डिबेट में काजी और आसिफ को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। ड्रामा क्लब की टीम ने तीन वर्गों नाटक, स्किट, और माइम में भाग लिया।
क्लब सेक्रेटरी जाफर हसनैन द्वारा लिखित सआदत हसन मंटो की कहानी खोल दो पर आधारित नाटक ‘काली तख्ती’ प्रस्तुत किया गया। रंग-मंच जगत के दिग्गजों ने इस नाटक को खूब सराहा।
इस नाटक को स्पेशल पुरस्कार दिया गया। उबैदुर्रहमान द्वारा लिखित व निर्देशित स्किट मदर इंडिया 2.0 भी प्रस्तुत की गई। इसी कड़ी में मोअज्जम अहमद द्वारा निर्देशित माइम ए ट्रिब्यूट टू इंडियन आर्मी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
माइम ने 32 विश्वविद्यालयों के बीच एएमयू ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस टीम में अमित कुमार सिंह, फुरकान अनवर, आकिब, शुभोनीत , फैसल और प्रदीप कुमार शामिल थे।
टीम की अगुवाई जाफर हसनैन ने की और टीम मैनेजर फिजिकल एजुकेशन विभाग के डॉ. मो. अरशद और सहायक मैनेजर आमना जोहा टीम के साथ थे। सीईसी कोआर्डिनेटर डॉ. एफएस शिरानी व ड्रामा क्लब की प्रेसिडेंट डॉ. विभा शर्मा ने पूरी टीम को बधाई दी।