एएमयू: दिव्यांग युुवकों को प्रवेश में अब 5 प्रतिशत आरक्षण
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में अब दिव्यांग छात्रों को प्रवेश में 3 के बदले 5 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उनको नौकरी में 3 के बदले 4 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।
दिव्यांग युवाओं के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। एएमयू की एकेडमिक काउंसिल (एसी) ने विकलांगता अधिनियम 2016 को स्वीकार कर लिया है। एसी के इस फैसले से हर साल करीब 800 से लेकर एक हजार तक दिव्यांग युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। एएमयू में पहले विकलांगता अधिनियम 1995 के तहत आरक्षण व सुविधा प्रदान किया जा रहा था। उसमें प्रवेश एवं नौकरी में 3-3 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान था।
बिना लंच ब्रेक करीब 4.45 घंटे चली एसी की बैठक में अन्य महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। दिव्यांग युवाओं को अधिनियम का शत-प्रतिशत लाभ मिले, इसके लिए कुलपति ने एक कमेटी गठित करने की भी घोषणा की। करीब 50 विभागों के सेलेक्शन कमेटी के पैनल को मंजूरी दी गई है। वहीं लाइब्रेरी साइंस एवं तिब्बिया कॉलेज के बाल रोग विभाग के पैनल को वापस कर दिया गया।
कृषि संकाय में स्व वित्त योजना के अंतर्गत चल रहे बीएससी एजी कोर्स की सराहना कर स्वीकृति प्रदान की गई। पीएचडी प्रवेश के आर्डिनेंस एवं रेगुलेशन के लिए भी कमेटी का गठन किया गया है।