छात्र संघ चुनाव के समय एसएस नार्थ में आते थे बाहरी युवक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू छात्र संघ चुनाव के दौरान सर सैयद हॉल नार्थ में बाहरी युवकों को आना-जाना रहता था। ऐसे में यह भी संभावना जताई जा रही है कि संभव हो कि इस दौरान बाहरी युवक कुछ छात्रों के कमरे में बैठते होंगे।
थाना सिविल लाइन एवं क्वार्सी थाना क्षेत्र में लूट एवं चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देकर अपराधियों के कैंपस में छुपने के खुलासे के बाद तमाम तरह की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। इसका खुलासा एसएसपी राजेश कुमार पांडेय द्वारा किया गया था।
एएमयू प्रॉक्टर प्रो. एम मोहसिन खान, इस मामले की जांच करने वाले एसएस नार्थ के प्रोवोस्ट प्रो. बुखारी एवं एएमयू छात्र संघ के अध्यक्ष मशकूर अहमद उस्मानी कह चुके है कि गिरफ्तार आरोपी द्वारा एसएस नार्थ के जिस छात्र के कमरे में छुपने की बात की जा रही है, जो सही नहीं है। छात्र का कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। आंतरिक जांच में भी यहीं बात सामने आई है।
एएमयू में इस बात की चर्चा जरूर है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान बाहरी युवक एसएस नार्थ में आते थे। दरअसल एसएस नार्थ में ही चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के कैंप बने थे। इसकी वजह से इस हॉल में चुनाव के दौरान लोगों का आना-जाना रहता था। कुछ लोग यह भी आशंका जता रहे है कि चुनाव के दौरान बाहरी युवक छात्रों के कमरों में बैठते होंगे। बहरहाल पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि एएमयू छात्र संघ का चुनाव 11 दिसंबर को हुआ था।