ज्यादती: बेकसूर किशोर को तीन दिन से बैठा रखा थाने में
ब्यूरो, अमर उजाला, हरदुआगंज (अलीगढ़)।
हरदुआगंज थाना पुलिस ने तीन दिन से 14 साल के एक किशोर को बिना किसी कसूर थाने में बैठा रखा है। उस पर बंदिशों की बेड़ियां इस कदर हैं कि वह थाना परिसर में घूम भी नहीं सकता।
थाने में एक कमरे के कोने में बैठे-बैठे हर पल उस घड़ी का इंतजार कर रहा है कि कब उसे घर जाने की इजाजत मिलेगी। इस किशोर का गुनाह सिर्फ इतना है कि वह उस युवक का छोटा भाई है, जो तीन दिन पहले साधू आश्रम स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के संचालक उमेश उपाध्याय को गोली मारने के मामले में आरोपी है।
आकाश आठवीं कक्षा का छात्र है। पुलिस हिरासत में वह बेहद सहमा हुआ है। उसके भाई सागर पुत्र रवि पर शराब कारोबारी उमेश उपाध्याय को गोली मारने की रिपोर्ट दर्ज है। शराब कारोबारी को गंभीर हालत में दिल्ली ले जाया गया था, जहां इलाज चल रहा है।
इस वारदात में घायल शराब कारोबारी के पार्टनर की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस वारदात के तत्काल बाद सागर के भाई आकाश को पकड़ लाई थी। तब से पुलिस ने थाने में ही बैठा रखा है। सोमवार को मीडिया कर्मियों की उस पर नजर पड़ने और किशोर से पूछताछ करने के बाद पुलिस हरकत में आई।
थानाध्यक्ष डा. विनोद कुमार ने कहा कि परिजनों को बुलाकर किशोर को उनके सुपुर्द कर दिया गया है। हालांकि उसे तीन दिन तक थाने में क्यों बिठाए रखा गया, इस बात का कोई जवाब थानेदार के पास नहीं था।