फुटबॉल : आज से चैंपियन बनने की जंग शुरू
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
स्टेडियम में आज से फुटबॉल चैंपियन बनने की जंग शुरू होगी। प्रदेश के 18 मंडल की टीमों के बीच 30 अक्तूबर तक महा मुकाबला होगा। मैच सुबह नौ बजे से शुरू हो जाएगा, जबकि औपचारिक शुरुआत शाम को होगी। इसमें मुख्य अतिथि सांसद सतीश गौतम, विशिष्ट अतिथि बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह होंगे और अध्यक्षता कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा करेंगे।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में हो रही फुटबॉल प्रतियोगिता के पहले दिन यानी सोमवार को चार मैच खेले जाएंगे। सहारनपुर बनाम इलाहाबाद, फैजाबाद बनाम मेरठ, बस्ती बनाम आजमगढ़ व झांसी बनाम मिर्जापुर के बीच मैच खेला जाएगा। 24 को कानपुर बनाम गोरखपुर, देवीपाटन गोंडा बनाम मुरादाबाद, आगरा बनाम अलीगढ़, चित्रकूट बांदा बनाम बरेली के बीच खेला जाएगा। सेमीफाइनल 28 व 29 को और फाइनल 30 अक्तूबर को खेला जाएगा। दो ग्रुप बनाए गए हैं। दोनों ग्रुप में 9-9 टीमें हैं। वाराणसी और लखनऊ की टीम को बाई दिया गया है, जो अपना पहला मैच 25 अक्तूबर को खेलेगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी रानी प्रकाश ने बताया कि तैयारियां मुकम्मल हैं।
इनसेट
टीमों के आने का सिलसिला जारी
अलीगढ़। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए कुछ टीमें रविवार शाम को पहुंच गई, जबकि ज्यादातर सोमवार को पहुंचेंगी। टीमें मॉडर्न कान्वेंट पब्लिक स्कूल, राजा गार्डन, शुभम समागम में ठहरेंगी, जबकि आफिशियल टीम चौधरी चरण सिंह विश्रामालय में रुकेगी।