खैर में मारपीट कर सत्तावन हजार छीने
ब्यूरो, अमर उजाला, खैर (अलीगढ़)।
टैटीगांव रोड में अरनी चौराहे पर शनिवार को दो युवकों से मारपीट कर बोलेरो सवार बदमाश सत्तावन हजार रुपये और सोने की चेन छीनकर ले गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा पीड़ित युवकों को थाने ले गई। हालांकि पुलिस लूट की जगह आपसी विवाद का मामला बता रही है।
बताते हैं कि नीरज पुत्र नारायण व पवन पुत्र ज्ञान सिंह निवासी निठावरी शनिवार को बुग्गी का सामान लेने के लिए खैर आए थे। शाम करीब छह बजे वह सामान लेकर लौट रहे थे। रास्ते में अपने साथी राजकुमार के इंतजार में अरनी चौराहे पर रुक गए।
उनके अनुसार इसी बीच बोलेरो सवार करीब छह बदमाश वहां आए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसकी जेब में रखे 57 हजार रुपये, गले से सोने की जंजीर लूट ली और भाग निकले।
उधर एसएसआई पवन चौधरी का कहना है कि लूट नहीं हुई है। किसी बात पर आपस में अरनी चौराहे पर झगड़ा हुआ था। आरोपी गांव सत्तूखेड़ा का बताया गया है। जांच की जा रही है।