डा.अंबेडकर के चित्र के अपमान पर मुकदमा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के ऊपरकोट कोतवाली के भुजपुरा नगला आशिक अली में एक युवक ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। आरोप कै कि उसने डॉ.अंबेडकर के चित्र का अपमान किया और दूसरे ने इस हरकत को वीडियो में कैद कर फे सबुक पर भी डाल दिया गया।
यह वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोगों में आक्रोश पैदा हो गया। यह लोग काफी तादाद में थाना कोतवाली पहुंच गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपी के साथ-साथ फेसबुक पर वीडियो अपलोड करने वालों की तलाश भी शुरू कर दी है।
शुक्रवार की शाम को काफी लोग थाना कोतवाली पहुंच गए और वहां हंगामा करने शुरू कर दिया। वहां बंटी जाटव निवासी भुजपुरा नगला आशिक अली ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी साइकिल रिपेयरिंग की दुकान है।
उसकी दुकान पर एक लड़का काम करता था। जिसे उसने कुछ दिन पहले निकाल दिया था। बंटी का आरोप है कि वह शुक्रवार को अचानक उसकी दुकान पर आया।
वहां आते ही उसने डॉ.बीआर अंबेडकर के चित्र का अपमान करना शुरू कर दिया। यह चित्र एक कलेंडर में लगा है। यही नहीं इस युवक की हरकत को वीडियो में कैद कर फेसबुक पर डाला है।
यह सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। बंटी व अन्य लोगों ने इस युवक को गिरफ्तार करने की मांग की। यह लोग काफी देर तक थाने पर मौजूद रहे। बाद में कोतवाली पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की।
घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। उन लोगों को भी सर्विलांस के जरिये तलाश किया जा रहा है। जिन्होंने यह वीडियो फेसबुक पर डाला है। इलाके में किसी तरह का तनाव नहीं है।
जावेद खां कोतवाली निरीक्षक, कोतवाली ऊपरकोट