थाने में खड़ी गाड़ी के पहिया चुराने आए, दबोचे
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना क्वार्सी में खड़ी एक बोलेरो के तीन चोर पहिया चुराने पहुंच गए। तीनों बड़ी ही चतुराई से अपने काम को अंजाम दे रहे थे, तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
यह सुनकर पुलिस ने मौके की ओर दौड़ लगा दी और रंगे हाथों तीनों को दबोच लिया। पूछताछ के बाद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वाकया शुक्रवार रात का है। तीन चोर थाने में खड़ी एक बोलेरो के पहिया चुराने की नीयत से आए। दो युवक बोलेरो के पहिया खोल रहे थे और एक उनकी निगरानी कर रहा था।
तीनों अभियुक्त की करतूत को देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। थाने में चोरी की खबर सुनकर पुलिसकर्मियों ने मौके की ओर दौड़ लगा दी। मौके से तीनों अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने अपने नाम सौनू पुत्र दामोदर, श्याम सुंदर पुत्र पदम सिंह, नंद किशोर पुत्र किशोर कुमार निवासी सुदामा का वास गौरई थाना इगलास बताया है। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।