अमर उजाला आज करेगा मेधावियों का सम्मान
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अमर उजाला की ओर से एडीआरएस के सहयोग से भविष्य ज्योति कार्यक्रम बुधवार दोपहर तीन बजे से डीएस कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाना है।
यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई सहित सभी बोर्डों के छात्र-छात्राएं, जिन्होंने इस वर्ष इंटरमीडिएट और हाईस्कूल की परीक्षा 60 फीसदी या इससे अधिक अंकों से पास की है, उनमें से मेरिट के आधार पर सम्मानित होने वाले छात्रों का चयन किया जा रहा है। इन छात्रों को मेडल और सर्टिफिकेट दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित हो चुके नव युवकों से उनके अनुभवों को भी जानने का मौका मिलेगा। साथ ही कॅरियर के संबंध में अनुभवी काउंसलर्स उपयोगी जानकारी देंगे।
आईएएस में चयनित करेंगे अनुभव साझा
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पांडेय की बेटी कृति पांडेय, जो कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुई हैं और सहायक नगर आयुक्त ऋषिकेश सिंह (हाल ही में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए हैं) अपने अनुभवों को साझा करेंगे। कार्यक्रम में महापौर शकुंतला भारती, सांसद सतीश गौतम, कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा, डीआईजी आरपीएस यादव, डीएम ऋषिकेश भास्कर याशोद, एसएसपी राजेश कुमार पांडेय, अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. गीता प्रधान, विधायक संजीव राजा, अनिल पाराशर, ठा. दलवीर सिंह, अनूप वाल्मीकि, राजवीर दिलेर और ठा. रवेंद्र पाल सिंह भी शामिल होंगे।
आमंत्रित अभ्यर्थी ही प्रवेश के पात्र हैं
कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों का चयन उनकी मेरिट के आधार पर किया गया है और उनको मोबाइल पर सूचना भी दी जा चुकी है। वहीं अभ्यर्थी प्रवेश के पात्र होंगे, जिन्हें कॉल की गई है। ऐसे छात्र दो बजे से ही सभागार में अपना स्थान सुनिश्चित कर लें। मार्कशीट की छाया प्रति और आईडी प्रूफ जरूर लेकर आएं।