राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अलीगढ़ में 72,020 महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। यह आंकड़ा 94,549 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले है। विकास भवन में सीडीओ योगेंद्र कुमार ने इस प्रगति की समीक्षा की और समय पर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 19792 स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं। 15015 को रिवॉल्विंग निधि, 14566 को सामुदायिक निवेश निधि और 14265 को बैंक ऋण मिला है। तीन एफपीओ कार्यरत हैं, जिनसे 2270 दीदियों को जोड़ा गया है। 483 विद्युत सखियों में से 409 शामिल हो चुकी हैं। 44 उचित दर दुकानों और 849 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों का संचालन भी समूहों द्वारा किया जा रहा है।
बैठक में कुटुंबश्री योजना और पात्र गृहस्थी परिवारों को महिला स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने पर चर्चा हुई। सीडीओ ने पात्र परिवारों को समूहों से जोड़ने के अभियान में तेजी लाने को कहा। बैठक से अनुपस्थित सहायक विकास अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए। एडीओ पंचायत बिजौली, चंडौस, धनीपुर और गंगीरी की कम प्रगति पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और कार्यशैली में सुधार लाने की हिदायत दी।