न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अवैध निर्माणों पर शनिवार को अलीगढ़ विकास प्राधिकरण का चाबुक चला। टीम ने हरिओम नगर तुलसी भवन में चौथी मंजिल पर संचालित रिलायंस जिओं टावर का निर्माण कार्य रुकवाया तो मेडिकल रोड समेत अन्य इलाकों में नक्शे के विरुद्घ बन रही बहुमंजिला इमारतों पर सील ठोंक दी। इस दौरान टीम की बिल्डिंग स्वामियों के साथ नोंकझोंक भी हुई। लेकिन पुलिस फोर्स की मौजूदगी के चलते मामला शांत हो गया।
अधिशासी अभियंता डीएस भदौरिया ने बताया कि सर्वप्रथम जमीर की जोहराबाग स्थित 600 वर्ग मीटर के भूखंड में बेसमेंट, भूतल व चार मंजिला इमारत सील की गई। एजाज अहमद अंसारी के मेडिकल रोड के भूखंड क्षेत्रफल 1700 वर्ग मीटर में व्यवसायिक एवं आवासीय निर्माण स्वीकृत नक्शे के विरुद्घ बेसमेंट, भूतल व प्रथम तल का निर्माण पाया गया। इसे भी सील कर दिया गया।
इसके बाद फिदा हुसैन के अनूपशहर रोड शेरवानी मार्केट जमालपुर के 60 वर्ग मीटर भूखंड में भूतल पर दुकान, प्रथम व द्वितीय तल पर हाल का निर्माण कार्य सील किया गया। फाहत जहां, लाल डिग्गी रोड अब्दुल्ला गर्ल्स कालेज के सामने व्यवसायिक निर्माण व मकान का नक्शे के विरुद्घ भूतल व तीन मंजिल का निर्माण कार्य सील किया गया।
टीम में अवर अभियंता आरके गुप्ता, गंगेश कुमार सिंह, दूधनाथ वर्मा, नवीन शर्मा प्राधिकरण स्टाफ व सिविल लाइन पुलिस मौजूद रही।